स्किमर पक्षी बना बर्ड फेस्टिवल का मैस्कट : महाकुंभ-2025 में बर्ड फेस्टिवल की तैयारियां पूरी
16 फरवरी को "कुंभ की आस्था और जलवायु परिवर्तन" विषय पर जलवायु सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
रिपोर्ट : दिनेश चंद्र मिश्रा : लखनऊ/महाकुंभनगर। महाकुंभ-2025 के तहत होने वाले बर्ड फेस्टिवल और जलवायु सम्मेलन की तैयारियां पूरी हो गई हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन विभाग के निर्देशन में यह आयोजन होगा। 16 फरवरी को “कुंभ की आस्था और जलवायु परिवर्तन” विषय पर जलवायु सम्मेलन का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस कार्यक्रम में धर्मगुरु, पर्यावरणविद्, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, उद्योगपति और गणमान्य नागरिक भाग लेंगे। इस बार संगम तट पर आयोजित बर्ड फेस्टिवल का मैस्कट स्किमर पक्षी को बनाया गया है।
यह भी पढ़ें : भागलपुर में राजीव हत्याकांड के चार आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश में स्किमर पक्षी की अनूठी उपस्थिति
बर्ड फेस्टिवल-2025 का आयोजन संगम तट पर किया जा रहा है। इसे “आस्था और संरक्षण” की थीम पर आयोजित किया जा रहा है। इस साल भारतीय स्किमर (Indian Skimmer) को फेस्टिवल का मैस्कट चुना गया है, जो नदियों के स्वास्थ्य का सूचक माना जाता है। यह दुर्लभ पक्षी नदी, झील और दलदली क्षेत्रों में पाया जाता है। इसकी खास पहचान इसकी काली-सफेद पंखों वाली काया और नारंगी रंग की लंबी चोंच है, जिसकी निचली चोंच ऊपरी चोंच से बड़ी होती है। यह पानी की सतह पर उड़ते हुए मछलियों का शिकार करता है। स्थानीय भाषा में इसे ‘पंचीरा’ के नाम से भी जाना जाता है। उत्तर प्रदेश में स्किमर पक्षी की संख्या लगभग 1000 है और यह गंगा, यमुना और चंबल नदियों के किनारे प्रजनन करता है।
योगी सरकार के नेतृत्व में निरंतर हो रहा बर्ड फेस्टिवल का आयोजन
योगी सरकार के संरक्षण में बर्ड फेस्टिवल का आयोजन अलग-अलग स्थानों पर किया जाता रहा है।
– वर्ष 2017 – दुधवा टाइगर रिजर्व, पीलीभीत
– वर्ष 2019 – नवाबगंज पक्षी बिहार, उन्नाव
– वर्ष 2020 – सूरसरोवर पक्षी बिहार, कीठम आगरा
– 2021 – ओखला पक्षी बिहार, गौतमबुद्धनगर
– 2023 – विजय सागर पक्षी विहार, महोबा
– 2024 – सूरजपुर वेटलैंड, ग्रेटर नोएडा
2022 में कोविड-19 महामारी के कारण यह आयोजन नहीं हो सका था। इस बार, यह भव्य आयोजन महाकुंभ प्रयागराज में किया जा रहा है।
“इस बार बर्ड फेस्टिवल का मैस्कट इंडियन स्किमर को बनाया गया है, क्योंकि यह पक्षी संगम क्षेत्र में पाया जाता है और नदियों के पारिस्थितिकी संतुलन का संकेतक भी है। इस आयोजन के माध्यम से स्किमर पक्षी के संरक्षण और संवर्धन पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। फेस्टिवल की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, और यह आयोजन ऐतिहासिक होगा।”
ललित वर्मा, नोडल अधिकारी, बर्ड फेस्टिवल
लखनऊ में हुआ कर्टेन रेजर इवेंट
महाकुंभ प्रयागराज में जलवायु सम्मेलन और बर्ड फेस्टिवल से पहले लखनऊ में एक कर्टेन रेजर इवेंट आयोजित किया गया। इस दौरान वॉकथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह वॉकथॉन 1090 चौराहे से नवाब वाजिद अली शाह प्राणी उद्यान तक निकाली गई। आईटीबीपी के बैंड ने इस कार्यक्रम में विशेष प्रस्तुति दी। चिड़ियाघर के सारस ऑडिटोरियम में बर्ड फेस्टिवल के मैस्कट और टीज़र का विमोचन किया गया। इस कार्यक्रम में वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, अपर्णा यादव, प्रमुख मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : भागलपुर में राजीव हत्याकांड के चार आरोपी गिरफ्तार