दरवाजे पर शव रखकर गांव वालों का हंगामा, पुलिस से नोकझोंक

केस दर्ज करने के आश्वासन पर देर रात परिवार वाले अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए

नवीन चौबे, मंडल सह प्रभारी गोरखपुर :तरयासुजान/कुशीनगर। तीन दिन पहले लापता अधेड़ का गन्ने के खेत में शव मिलने के मामले में गांव के आठ लोगों पर जुआ खेलने के दौरान हत्या का आरोप लगाते हुए परिवार वालों ने हंगामा कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद रविवार की शाम दरवाजे पर शव आया तो गांव वालों ने शव वाहन को रोककर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। काफी मान-मनव्वल के बाद आरोपियों पर केस दर्ज करने के आश्वासन पर देर रात परिवार वाले अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।

यह भी पढ़ें :होली पर्व हमें हमारे व्यापक अस्तित्व की याद दिलाता है-नवीन चौबे

तरयासुजान थाना क्षेत्र के जवही नरेंद्र गांव निवासी 55 वर्षीय मेवालाल गोड़ तीन दिन पहले लापता हो गए थे। उनकी लाश शनिवार को दोपहर बाद गन्ने के खेत में मिली थी। मेवालाल की पत्नी आशा देवी ने गांव के आठ लोगों पर जुआ खेलने के दौरान हत्या कर लाश छिपाने का आरोप लगाया था। लेकिन, पुलिस ने इसे नजरअंदाज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने से विसरा सुरक्षित कर लिया गया। शव में कीड़े पड़ गए थे। पेट और चेहरे पर चोट के निशान मिले। शाम करीब 5 बजे शव दरवाजे पर पहुंचा तो गांव वाले शव वाहन को घेर कर हंगामा करने लगे।

पहले से मौजूद पुलिस वालों ने लोगों को किनारे कर वाहन से शव उतारने की कोशिश की। लेकिन, लोगों का आक्रोश देख पुलिस को पीछे हटना पड़ा। मेवालाल के परिजनों का आरोप है कि गांव के आठ लोगों ने हत्या कर शव को गन्ने की खेत में छिपा दिया था। नाराज लोग केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे।

देर शाम को एएसपी और सीओ पुलिस बल के साथ पहुंचे। गांव वालों को शव का दाह संस्कार करने को समझाया। काफी मान-मनव्वल के बाद आरोपियों पर केस दर्ज करने के आश्वासन पर देर रात परिवार वाले अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।

यह भी पढ़ें :होली पर्व हमें हमारे व्यापक अस्तित्व की याद दिलाता है-नवीन चौबे