पति ने गर्भवती पत्नी और बेटी को जिंदा जलाया

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी पति को शाम को उसके घर से ही गिरफ्तार कर ले गया।

मुकेश कुमार  (क्राइम एडिटर इन चीफ) TV9 भारत समाचार  सीकर (राजस्थान)।  ससुराल वालों ने गर्भवती महिला को उसकी 1 साल की बेटी के साथ जिंदा जला दिया। पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए परेशान करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला (मृतक) के पति को गिरफ्तार किया है। 

यह भी पढ़ें : विदेश मंत्री जयशंकर कल बीकानेर में जयपुर-जोधपुर बाईपास पर प्रबुद्ध जनों से करेंगे चर्चा

प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला सीकर के फतेहपुर का है। रामगढ़ थाना अधिकारी विमला बुडानिया ने बताया तिहाय गांव की रिंकू (24 वर्ष) पत्नी आकाश सिंह (24 वर्ष) और उसके 1 साल की बेटी आरिया की मौत हुई है। महिला 3 महीने की गर्भवती भी थी। रिंकू (मृतक महिला) के भाई सचिन पुत्र गोपाल सिंह ने बहन के पति आकाश, सास उर्मिला, ससुर भवानी सिंह पर दहेज प्रताड़ना और हत्या का मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट के बाद आरोपी पति को सोमवार शाम को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया गया। 

खिरोड़ के रहने वाले सचिन बैंक कर्मी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन रिंकू का विवाह 17 फरवरी 2022 को तिहाय निवासी आकाश पुत्र भवानी सिंह के साथ हुआ था। वह जयपुर में कपड़े के शोरूम में सेल्समैन था। 3 महीने से घर पर ही था। सेल्समैन का काम करने से पहले ढूंढलोद में मामा की फूलों की दुकान पर काम करता था। रिंकू को पति और ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करते थे। उसकी 1 साल की बेटी के साथ ससुराल वालों ने डीजल डालकर आग लगा दी। जिसमें दोनों की मौत हो गई। 

सचिन ने बताया कि बहन रिंकू ने सोमवार सुबह 7:00 बजे फोन किया था ,कहा था कि ससुराल वाले झगड़ा और मारपीट कर रहे हैं। मुझे ससुराल से ले जाओ। इस पर सास से बात की तो उन्होंने कहा कि घर का मामला है हम निपट लेंगे। करीब 1 घंटे बाद 8:00 बजे फोन किया तो बहन ने रोते हुए बताया कि मारपीट कर रहे हैं। इस दौरान बात करते हुए फोन कट हो गया। वापस लगाने पर कॉल कनेक्ट नहीं हुआ और फोन बंद आने लगा।

अनहोनी का शक होने पर 50 किलोमीटर दूर बहन के ससुराल तिहाय गांव सुबह 9:30 बजे पहुंचे। वहां देखा की बहन का शव घर में बरामदे में पड़ा हुआ था। बहन के ससुराल वाले और आसपास के लोग घर में थे। बहन का पति मौजूद नहीं था। सभी लोग अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इस पर रामगढ़ पुलिस को मामले की सूचना दी गई। करीब 10:00 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और शव को रामगढ़ सरकारी अस्पताल में रखवाया।

पोस्टमार्टम के बाद नवलगढ़ के खिरोल गांव में पीहर पक्ष ने विवाहिता का अंतिम संस्कार किया। रिंकू दो भाइयों की इकलौती बहन थी। थाना अधिकारी ने बताया कि मामले की जानकारी पर मौके पर पहुंचे थे तब तक महिला की मौत हो चुकी थी गंभीर घायल बच्ची को फतेहपुर के धानुका अस्पताल ले जाया गया जहां से सीकर और वहां से जयपुर रैफर कर दिया गया। जयपुर ले जाते समय में बीच रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।

फॉरेंसिक की टीम ने घटनास्थल की जांच की। चार डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच डीएसपी राम प्रताप बिश्नोई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और गांव के लोगों के बयान के बाद ही मामला साफ होगा।

यह भी पढ़ें : विदेश मंत्री जयशंकर कल बीकानेर में जयपुर-जोधपुर बाईपास पर प्रबुद्ध जनों से करेंगे चर्चा