सीएम योगी ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

स्वतंत्रता संग्राम के महानायक को किया नमन

रिपोर्ट : दिनेश चंद्र मिश्रा : गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री और ‘भारत रत्न’ पंडित गोविंद बल्लभ पंत की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय स्थित पंत पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी स्मृतियों को नमन किया।

यह भी पढ़ें : वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर: बुजुर्गों को मिला इलाज और परामर्श

इस अवसर पर सीएम योगी ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत देश के स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। वे न केवल एक उत्कृष्ट अधिवक्ता थे, बल्कि कुशल राजनेता और दूरदर्शी प्रशासक भी थे। आज उनकी पुण्यतिथि के अवसर पर हम सभी उन्हें कृतज्ञता के साथ याद कर रहे हैं।

राज्य की व्यवस्था को सुदृढ़ करने में निभाई अहम भूमिका

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत ने आजादी के बाद 1954 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया और प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान की। इसके बाद वे देश के गृह मंत्री बने और हिंदी को राजभाषा के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि पंडित पंत संविधान सभा के सम्मानित सदस्य थे और उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 1957 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

गोरखपुर विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी थी पंडित पंत ने

सीएम योगी ने बताया कि गोरखपुर विश्वविद्यालय की स्थापना में भी पंडित गोविंद बल्लभ पंत की अहम भूमिका रही थी। उन्होंने विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी थी, जिससे प्रदेश में उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिला।

सीएम योगी ने कहा, “7 मार्च 1961 को पंडित पंत ने इस दुनिया को अलविदा कहा, लेकिन उनकी प्रेरणादायक गाथा हमें हमेशा मार्गदर्शन देती रहेगी। आज उनकी पुण्यतिथि पर मैं प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें नमन करता हूं।”

कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

इस श्रद्धांजलि समारोह में कई प्रमुख नेता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इनमें सांसद रवि किशन, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, महेंद्र पाल सिंह, प्रदीप शुक्ल, गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता सहित कई लोग शामिल थे।

यह भी पढ़ें : वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य शिविर: बुजुर्गों को मिला इलाज और परामर्श