सीएम योगी ने वीर बलिदान दिवस कार्यक्रम पर लोगों को किया संबोधित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपरीत परिस्थितियों में भी संयम रखने की बात कही।

मुकेश कुमार  (क्राइम एडिटर इन चीफ) TV9 भारत समाचार  लखनऊ  (उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादे जोरावर सिंह और फतेह सिंह के बलिदान की स्मृति में पांच कालिदास मार्ग पर अपने सरकारी आवास पर आयोजित वीर बलिदानी दिवस कार्यक्रम को संबोधित किया।

यह भी पढ़ें : मौत के सौदागर बने सील हॉस्पिटल छः माह से हो रही संचालित,स्वास्थ्य महकमा को भनक तक नहीं

सीएम योगी ने कहा कि सिख गुरुओं ने हमें परिश्रम और पुरुषार्थ, देश और धर्म के लिए आत्म बलिदान से न हिचकिचाने और विपरीत परिस्थितियों में भी विचलित न होने की शिक्षा और प्रेरणा दी है। गुरु परंपरा के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करना और उसका सम्मान करना प्रत्येक देशवासी का कर्तव्य होना चाहिए।

प्रत्येक शिष्य सिख है क्योंकि वह गुरु परंपरा का निर्वहन करता है। सीएम योगी ने कहा कि देश और धर्म के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले गुरु गोविंद सिंह के वीर साहिबजादों की स्मृति में प्रदेश में  असाधारण वीरता का परिचय देने वाले बच्चों को भी जिला मंडल और राज्य स्तर पर चिन्हित कर उन्हें सम्मानित किया जाना चाहिए।

राज्य सरकार भी इसमें सहयोग देंगी। सीएम योगी ने कहा कि गुरु अर्जन देव ने मुगल बादशाह जहांगीर के अत्याचारों का डटकर मुकाबला किया। गुरु तेग बहादुर ने कश्मीरी पंडितों पर अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाई और अपना बलिदान दिया। गुरु गोविंद सिंह तो बलिदान देने वाले पिता के पुत्र और शहीद साहिबजादों के पिता भी थे।

सीएम योगी ने यह भी कहा कि दुनिया में जहां कहीं भी सिख हैं, गुरु कृपा से वे अपने परिश्रम और पुरुषार्थ से आगे बढ़ रहे हैं। वही मुगल सल्तनत के हुक्मरानों के घरों में कोई दीपक जलाने वाला भी नहीं है। उनके वंश परंपरा समाप्त हो गई है। क्योंकि उन्होंने बर्बरता और अत्याचार किए थे।

उन्होंने यह भी कहा कि गुरु गोविंद सिंह के वीर साहिबजादों का इतिहास देश और स्कूली बच्चों के सामने आना ही चाहिए। उनका इतिहास जान करके ही हमारी वर्तमान पीढ़ी अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेगी। आपको बता दें, कि इससे पूर्व सीएम योगी ने अपने सरकारी आवास पर पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब और पांच प्यारों की अगवानी की। पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब को अपने शीश पर उठाकर उन्होंने आसन पर रखा।

कार्यक्रम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य डॉक्टर दिनेश शर्मा, कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख और अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य परविन्दर सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, लोक निर्माण मंत्री जितेंद्र प्रसाद, भाजपा विधायक पंकज सिंह  राजीव गुंबर आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : मौत के सौदागर बने सील हॉस्पिटल छः माह से हो रही संचालित,स्वास्थ्य महकमा को भनक तक नहीं