नम आंखों से हजारों लोगों ने पूर्व सपा लोहिया वाहिनी जिला अध्यक्ष को दी अंतिम विदाई

रूपईडीहा स्थित कब्रिस्तान में उनके शव को सुपुर्द-ए खाक कर दिया गया

संतोष शुक्ला : रूपईडीहा (बहराइच)। समाजवादी सिपाही और राजनीति में शिष्टता की मिसाल रहे समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के पूर्व जिला अध्यक्ष जमाल अहमद का गुरुवार रात लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उनके निधन का समाचार सुनकर रुपईडीहा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई वहीं जिले भर के समाजवादी कार्यकर्ता शोकाकुल हो उठे। शुक्रवार को रूपईडीहा स्थित कब्रिस्तान में उनके शव को सुपुर्द-ए खाक कर दिया गया। इस दरमियान जिले की दिग्गज राजनीतिक हस्तियों सहित उनके रिश्तेदार, परिवार के लोग, पार्टीजन और भारी संख्या में चाहने वाले लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें : रेत पर सर्वधर्म की प्रतिमा को आकार देकर दिया विश्व शांति का संदेश

समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के पूर्व जिला अध्यक्ष जमाल अहमद
सपा लोहिया वाहिनी के पूर्व जिला अध्यक्ष जमाल अहमद (फाइल फोटो)

आपको बता दें कि गुरुवार की रात हॉस्पिटल में निधन हो जाने के बाद समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के पूर्व जिला अध्यक्ष जमाल अहमद का शव रात 2:30 बजे उनके रूपईडीहा स्थित आवास मुस्लिम बाग पर लाया गया। शव पहुंचते ही परिवार के लोग विलख उठे। यहां पर शुक्रवार सुबह से ही उनके आखिरी दर्शन के लिए लोग उमड़ना शुरू हो गए। सुबह क्षेत्र के सैकड़ो लोगों की भीड़ उनके दरवाजे पर जमा रही, शहर की कई राजनीतिक हस्तियों सहित सभी लोगों ने मुस्लिम बाग पहुंच कर समाजवादी ब्लॉक अध्यक्ष जमाल अहमद को श्रद्धांजलि अर्पित की।

समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के पूर्व जिला अध्यक्ष जमाल अहमद की मिट्टी में सपा के जिलाध्यक्ष राम हर्ष यादव, पूर्व विधायक शब्बीर अहमद, जिला उपाध्यक्ष हरीश वर्मा, जिला सचिव आनंद पाठक, जिला पंचायत सदस्य संदीप जायसवाल, पूर्व ब्लाक प्रमुख हरीश चंद्र, रूपईडीहा चेयरमैन डॉ उमाशंकर वैश्य, पूर्व प्रधान जुबेर अहमद फारुकी, अकरम जमालूद्दीन सहित अन्य लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।

जमाल अहमद का जनाजा कब्रिस्तान के लिए रवाना हुआ। ईदगाह पहुंच कर जनाजे की नमाज अदा की गई। इसके बाद जनाजे को सुपुर्द ए खाक किया गया। इस दौरान वहां पर मौजूद लोगों की जुबां पर जमाल अहमद की नेक दिली और दरिया दिली की चर्चा रही।
यह भी पढ़ें : रेत पर सर्वधर्म की प्रतिमा को आकार देकर दिया विश्व शांति का संदेश