दृढ़ संकल्प से ही बचेगा भारत का संविधान-बृजलाल खाबरी

कांग्रेस का संविधान बचाओ संकल्प गोष्ठी का आयोजन सम्पन्न

सीतापुर। नगर स्थित मुस्कान गेस्ट हाउस में कांग्रेस पार्टी द्वारा संविधान बचाओ संकल्प सभा का आयोजन किया गया जिसको मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष/पूर्व सांसद ब्रजलाल खाबरी ने संबोधित किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष व प्रांतीय अध्यक्ष का सिधौली व खैराबाद स्थित टोल प्लाजा पर जोरदार स्वागत किया। बैठक प्रारंभ होने से पहले ध्वजारोहण किया गया और उसके बाद राष्ट्रगान गाया गया।

यह भी पढ़ें : पत्नी को विदा कराने का संदेश भेजा तो ससुरालीजनों ने घर में घुसकर दामाद को धुना 
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने कहा कि कोई भी लक्ष्य बिना संकल्प के नहीं हासिल होता है। उन्होंने कहा कि गलत के खिलाफ बोलने पर अगर आवाज को दबाया जाने लगे तो यही संविधान का और व्यक्ति के अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि बिना संकल्प के कोई भी लक्ष्य हासिल नहीं होता है और आज हर नागरिक को संविधान बचाने का यह संकल्प उठाना होगा।

प्रांतीय अध्यक्ष नकुल दुबे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब हर कांग्रेसजन को एक सिपाही की तरह काम करना होगा। पूर्व विधायक राकेश राठौर ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद की नहीं बल्कि विनाशवाद की राजनीति कर रही है।

जिला अध्यक्ष उत्कर्ष अवस्थी ने कहा कि सरकार मैं बैठे लोगों का अहंकार सत्ता के खिलाफ उठती हुई हर आवाज को दबाना चाहता है। शहर अध्यक्ष संतोष भार्गव ने कहा कि वर्तमान समय की सरकार संवैधानिक मूल्यों का हनन करने पर आमादा है जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शमीना शफीक ने कहा कि मणिपुर की हिंसा ने पूरे देश को शर्मसार कर दिया है। जिला उपाध्यक्ष शिशिर बाजपेई ने कहा कि आज हमें संविधान बचाने की कसम उठानी ही होगी। संकल्प सभा का संचालन आमोद मिश्र ने किया।

इस अवसर पर जिला/शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारीगण, फ्रंटल/विभाग प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष तथा पदाधिकारीगण तथा भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : पत्नी को विदा कराने का संदेश भेजा तो ससुराली जनों ने घर में घुसकर दामाद को धुना