मायके जा रही विवाहिता चहलारीघाट पुल से घाघरा नदी में कूदी, तलाश में जुटे गोताखोर

पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कर दी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक विवाहिता का पता नहीं चल सका है

बहराइच। ससुराल से गुरुवार को अपने मायके जा रही विवाहिता ने बहराइच सीतापुर मार्ग पर स्थित चहलारी घाट पुल से घाघरा नदी में छलांग लगा दी। पति की सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कर दी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक विवाहिता का पता नहीं चल सका है।
यह भी पढ़ें : लुटेरी दुल्हन : सुहागरात मनाने के लिए बनाती रही बहाने, नगदी, ज़ेवर और कैश लेकर फुर्र
सीतापुर जनपद के मदेवा गांव निवासी आंचल देवी पत्नी रवि दीक्षित गुरुवार को अपने मायके जा रही थी। महिला का मायका हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम मुंसारी टिकुरी गांव में है। बहराइच सीतापुर मार्ग पर स्थित चहलारीघाट पुल पर महिला जब गुरुवार शाम को अपने पति के साथ पहुंची। तभी उसने सिर में दर्द होने की बात कही। कुछ दूर जाकर महिला पुल की रेलिंग पकड़ कर खड़ी हो गई, पति भी कुछ दूरी पर खड़ा था। इसी दौरान जब पति दूसरी ओर देखने लगा तो विवाहिता ने चहलारी घाट पुल से घाघरा नदी में छलांग लगा दी। पति ने घटना की जानकारी तत्काल हरदी पुलिस को दी।
प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला ने नदी में छलांग लगाई है उसका विवाह 27 जून 2022 को रवि के साथ हुआ था। महिला की तलाश गोताखोरों द्वारा की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक महिला का पता नहीं चल सका है। गोताखोर तलाश कर रहे हैं। इस मामले में महिला के मायके के लोगों की ओर से दी गयी तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी
यह भी पढ़ें : लुटेरी दुल्हन : सुहागरात मनाने के लिए बनाती रही बहाने, नगदी, ज़ेवर और कैश लेकर फुर्र