विनेश, साक्षी रिहा, पुनिया हिरासत में, दंगा भड़काने का केस दर्ज

PM चुप, जंतर मंतर से पुलिस डंडे के बल पर उठाए गए पहलवान, धरना खत्म, विनेश फोगाट बोली नया इतिहास लिखा जा रहा, यौन शोषण के आरोपी सांसद बृजभूषण पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने में लगाए 7 दिन, शांतिपूर्ण अपनी आवाज उठाने वालों को जेल में ठूँसा

नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर मंतर पर बैठे न्याय की मांग कर रहे भारतीय पहलवानों को न्याय तो नहीं मिला लेकिन उनके खिलाफ दिल्ली पुलिस ने दंगा भड़काने का केस दर्ज कर लिया है। रविवार को जंतर मंतर से मार्च कर रहे भारतीय पहलवानों को पुलिस ने डंडे के बल पर उठाया और अलग-अलग थाने पहुंचा दिया। देर रात विनेश फोगाट और साक्षी मलिक को रिहा कर दिया गया लेकिन बजरंग पुनिया अभी भी पुलिस हिरासत में है। इस गिरफ्तारी के बाद दिल्ली पुलिस की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई है। वही प्रधानमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठ रहा है।

यह भी पढ़ें : लोकतांत्रिक युवा शक्ति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बने गोरखनाथ दुबे
कैसरगंज के सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर भारतीय पहलवान पहलवानों ने यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। महिला पुलिस ने बीते दिनों दिल्ली पुलिस को तहरीर दी लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। हाईकोर्ट के आदेश के बाद पुलिस हरकत में आई लेकिन आरोपी सांसद को यौन शोषण के मामले में गिरफ्तार नहीं किया गया। सांसद की गिरफ्तारी को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवान विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया समेत अन्य ने धरना प्रदर्शन शुरू किया। इसके बावजूद दिल्ली पुलिस का सुस्त रवैया बरकरार रहा। पहलवानों की पीड़ा और उनके हक की मांग को लेकर पूरे देश से आवाज उठी लेकिन प्रधानमंत्री की चुप्पी अब तक बरकरार है।

रविवार को महिला पंचायत के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए पहलवानों ने जंतर मंतर से मार्च किया तो दिल्ली पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। कहा गया कि नई संसद भवन के उद्घाटन के चलते रास्ता बंद है। इसके बावजूद भारतीय पहलवान जाने पर अड़े रहे। दिल्ली पुलिस का आरोप है कि भारतीय पहलवानों ने 3 लेयर की सुरक्षा तोड़ दी, उनके साथ भारी भीड़ थी जो आगे बढ़ने लगी इस पर प्रदर्शन कर रहे भारतीय पहलवानों को गिरफ्तार कर लिया गया। पहलवान विनेश फोगाट साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया को अलग-अलग थानों में ले जाकर रखा गया। देर रात महिला पहलवान विनेश फोगाट और साक्षी मलिक को रिहा कर दिया गया लेकिन बजरंग पुनिया अभी भी पुलिस हिरासत में हैं।
उधर दिल्ली पुलिस की ओर से बताया गया है कि बजरंग पुनिया, साक्षी और विनेश के खिलाफ दंगा भड़काने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

प्रदर्शनकारी भारतीय पहलवानों पर इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
जंतर मंतर से प्रदर्शन करते हुए निकले भारतीय पहलवानों पर धारा 147 (दंगा करने), धारा 149 (गैरकानूनी जमावड़ा), 332 (सरकारी कर्मचारी को चोट पहुंचाना), 186 (सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालना), 188 (सरकारी कर्मचारी के विधिवत आदेश की अवहेलना) और 353 (सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी से रोकने के लिए आपराधिक बल) के साथ प्रदर्शनकारियों पर सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धारा 3 के तहत भी केस दर्ज किया गया है।

आरोपी खुलेआम घूम रहा न्याय मांग रहे पहलवानों पर दर्ज हो रहा केस : विनेश

दिल्ली पुलिस द्वारा दर्ज की गई FIR पर ट्वीट करते हुए महिला पहलवान विनेश फोगाट ने कहा कि “दिल्ली पुलिस को यौन शोषण करने वाले बृज भूषण के ख़िलाफ़ एफआईआर दर्ज करने में 7 दिन लगते हैं और शांतिपूर्ण आंदोलन करने पर हमारे ख़िलाफ़ FIR दर्ज करने में दिल्ली पुलिस ने 7 घंटे भी नहीं लगाए। क्या इस देश में तानाशाही शुरू हो गई है ? सारी दुनिया देख रही है सरकार अपने खिलाड़ियों के साथ कैसा बर्ताव कर रही है। एक नया इतिहास लिखा जा रहा है।”

पुलिस हिरासत से बजरंग पुनिया ने किया ट्वीट
दिल्ली पुलिस की हिरासत में रात से मौजूद बजरंग पुनिया ने हिरासत पर सवाल उठाया है।
पुनिया ने ट्विटर पर लिखा है, मुझे अभी तक पुलिस ने अपनी हिरासत में रखा हुआ है, कुछ बता भी नहीं रहे, क्या मैंने कोई जुर्म किया है? क़ैद में तो बृज भूषण को होना चाहिये था, हमें क्यों क़ैद करके रखा गया है ?

और साफ हो गया प्रदर्शन स्थल
पहलवानों पर कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन स्थल से सारा सामान हटा दिया है, प्रदर्शन स्थल को साफ कर दिया गया है। इसका अर्थ यह है कि अब पहलवान फिर से धरना प्रदर्शन नहीं कर पाएंगे।
यह भी पढ़ें : लोकतांत्रिक युवा शक्ति पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष बने गोरखनाथ दुबे